रेशम कीट पालन पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर।
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि अब कोरोना आए चाहे जाए, हम नहीं रुकेंगे। कोरोना से विकास कार्य प्रभावित नहीं होने देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में भी सरकार ने विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी है। वर्चुअल माध्यम से साढ़े तीन हजार करोड़ की विकास योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किए गए हैं।
मुख्यमंत्री रविवार को सराज विधानसभा क्षेत्र के बालीचौकी में रेशम कीट पालन पर आयोजित कार्यशाला एवं संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह वर्ष प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व के 50 वर्षों के सफर को याद करने वाला है। सरकार इस उपलक्ष्य पर विकास पर रथयात्रा निकालने जा रही है। यह रथयात्रा किसी नेता विशेष पर नहीं होगी बल्कि प्रदेश के हर वर्ग के उत्थान और उनके द्वारा दिए गए योगदान पर आधारित होगी।
रेशम पालन के लिए टूल किट और चेक बांटे
जयराम ठाकुर ने रेशम कीट पालन के लिए 5 परिवारों को डेढ़-डेढ़ लाख के चेक और 200 परिवारों को टूल किट बांटीं। सीएम ने बताया कि प्रदेश में रेशम कीट पालन गृह निर्माण के लिए अनुसूचित जाति के परिवारों को 4.16 करोड़ की राशि आवंटित की जा चुकी है। 5 करोड़ की लागत से बालीचौकी क्षेत्र में रेशम पालन का बड़ा केंद्र भी बनाया जा रहा है। इस मौके पर द्रंग के विधायक जवाहर ठाकुर और बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी भी मौजूद रहे।