एसडीएम आनी की जांच में सामने आया कि पंचायत ने 26,90,364 रुपये से 2,24,397 पौधे खरीदे थे। इन्हें 27 स्थानों पर लगाया जाना था, लेकिन भूमि और पौधारोपण का उचित रिकॉर्ड नहीं मिला। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित अधिकारी ने 11 जनवरी 2016 को पूर्व प्रधान संदेव ठाकुर, पंचायत सचिव चैन राम तथा तत्कालीन तकनीकी सहायक मान सुख और दर्शन देव के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, चारों से बराबर हिस्से में 66.13 लाख रुपये से अधिक की वसूली और तीनों कर्मचारियों की सेवा समाप्ति के आदेश दिए थे।
याचिकाकर्ताओं ने इस आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। सुनवाई में अदालत ने पाया कि न तो जांच में याचिकाकर्ताओं को शामिल किया गया और न ही उन्हें गवाहों से जिरह का मौका मिला। इसके अलावा, कार्रवाई से पहले उन्हें न तो कारण बताओ नोटिस दिया गया और न ही जांच रिपोर्ट की प्रति उपलब्ध कराई गई।
करला में मर्ज नेरी स्कूल के बच्चों को दें निशुल्क परिवहन सुविधा : हाईकोर्ट
प्रदेश हाईकोर्ट ने मंडी जिले के निहरी शिक्षा खंड स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला (जीपीएस) नेरी को राजकीय प्राथमिक पाठशाला करला में मर्ज करने के राज्य सरकार के फैसले में हस्तक्षेप करने से इन्कार कर दिया है। अदालत ने बच्चों की शिक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार को निर्देश दिए कि वह दिसंबर 2026 से प्रभावित छात्रों को करला स्कूल आने-जाने के लिए निशुल्क, सुविधाजनक और नियमित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराए। न्यायाधीश अजय मोहन गोयल और न्यायाधीश योगेश जसवाल की खंडपीठ ने भौगोलिक परिस्थितियों के मद्देनजर बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। सरकार के आश्वासन के बाद अदालत ने स्कूल प्रबंधन समिति और प्रधानाचार्य के साथ विचार-विमर्श कर दिसंबर 2026 से मुफ्त यातायात सुविधा देने का आदेश देते हुए याचिकाकर्ता प्रेम लाल की याचिका का निपटारा कर दिया। प्रदेश सरकार ने 28 जुलाई 2025 की अधिसूचना के तहत पांच या उससे कम छात्रों की संख्या होने के कारण जीपीएस नेरी को जीपीएस करला में मर्ज किया था। याचिकाकर्ता ने इस फैसले और 29 जुलाई 2024 के कैबिनेट निर्णय को चुनौती देते हुए कठिन भौगोलिक परिस्थितियों का हवाला देकर नेरी स्कूल यथावत चलाने की मांग की थी। सुनवाई के दौरान सरकार ने दलील दी कि जीपीएस करला, नेरी स्कूल से महज डेढ़ किलोमीटर दूर है। पांच या उससे कम बच्चों के लिए अलग स्कूल चलाना सार्वजनिक कोष पर अनावश्यक बोझ डाल रहा था, इसलिए व्यापक जनहित में यह विलय किया गया।