हिमाचल प्रदेश में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों की परेशानियां अब आसानी से हल होंगी। प्रदेश में बुजुर्गों की सहूलियत के लिए जल्द हेल्पलाइन नंबर 14567 शुरू होने जा रहा है। इस टोल फ्री नंबर के जरिये बुजुर्ग पेंशन सहित कानूनी मुद्दों पर निशुल्क जानकारी ले सकेंगे। अन्य पारिवारिक, सामाजिक परेशानियों को भी अवगत करा सकेंगे। हिमाचल में बुजुर्गों का डाटा एकत्र करने के लिए केंद्र सरकार ने एक एजेंसी को अधिकृत किया है।
एजेंसी ने सभी सरकारी विभागों, निगमों और बोर्डों से इस संदर्भ में डाटा एकत्र करना शुरू कर दिया है। वरिष्ठ नागरिकों को परेशानियों से न जूझना पड़े, इसके लिए केंद्र सरकार ने हेल्पलाइन नंबर शुरू किया है। देश के कई राज्यों में यह हेल्पलाइन नंबर शुरू हो चुका है। अब हिमाचल में इसकी शुरुआत हो रही है। यह हेल्पलाइन नंबर भावनात्मक समर्थन भी देगा। दुर्व्यवहार के मामलों पर भी संज्ञान लिया जाएगा। बेघर बुजुर्गों को सुरक्षित करने के प्रयास किए जाएंगे।
आज के दौर में ऐसे कई वरिष्ठ नागरिक हैं, जिन्हें किसी न किसी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन चुनौतियों का समाधान कैसे होगा, इसकी उन्हें जानकारी नहीं होती है। हेल्पलाइन नंबर शुरू होने पर इस तरह की समस्याएं नहीं रहेंगी। बुजुर्गों के लिए शुरू की गई हेल्पलाइन सुविधा को एल्डर लाइन नाम दिया गया है। प्रदेश में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के माध्यम से हेल्प लाइन नंबर शुरू करने का अभियान शुरू किया गया है।