रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 18 अक्तूबर, 2019 को देश भर के सैनिक स्कूलों में लड़कियों के एडमिशन को लेकर मंजूरी दी थी। दो साल पहले मिजोरम के सैनिक स्कूल में पायलट आधार पर लड़कियों के दाखिले की सफलता के बाद रक्षा मंत्रालय ने यह निर्णय लिया था।
हिमाचल सरकार हर वर्ष देती थी बजट
हिमाचल सरकार सैनिक स्कूल में गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों के बच्चों (केवल हिमाचली) को प्रत्येक वर्ष प्रति छात्र 15 से 18 हजार रुपये छात्रवृत्ति, एनसीसी के बेहतर संचालन के लिए 5 लाख रुपये, भोजन के लिए 2950 रुपये और वर्दी के लिए 1500 रुपये प्रति छात्र अनुदान देती थी। प्रत्येक छात्र पर प्रति वर्ष 1.10 लाख रुपये खर्च आता है।
सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा 5 जनवरी को
सैनिक स्कूल सुजानपुर के प्रधानाचार्य ने कहा है कि छठी और नौवीं कक्षा के लड़कों की सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा 2019-20 आगामी 5 जनवरी, 2020 रविवार को होगी। छात्र अपना प्रवेश पत्र सैनिक स्कूल की वेबसाइट पर देख सकते हैं। परीक्षा जिला हमीरपुर स्थित सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा सहित प्रदेश के अन्य जिलों कांगड़ा, मंडी, शिमला, ऊना, चंबा, सिरमौर और बिलासपुर में होगी।