राजधानी में कोरोना के बढ़ रहे मामलों के बीच विद्युत बोर्ड ने कुछ उपभोक्ताओं को करारा झटका दिया है। शहर के कसुम्पटी और पंथाघाटी क्षेत्र में बोर्ड ने करीब पांच दर्जन उपभोक्ताओं को आउटस्टेंडिंग बिल की एवज में हजारों रुपये के बिल थमा दिए हैं। इसमें उपभोक्ताओं को 20 से 80 हजार तक के भारी भरकम बिल जारी किए गए हैं। इससे उपभोक्ता परेशान हैं, लोगों का कहना है कि इतनी राशि वह एकसाथ कैसे जमा करेंगे।
उपभोक्ताओं के मुताबिक वह हर महीने बिजली बिल का भुगतान करते हैं। बावजूद हजारों रुपये की आउटस्टैंडिंग बिल थमा दिया है। उपभोक्ताओं ने इस बाबत बोर्ड के अधिकारियों से पूछताछ की तो उपभोक्ताओं को ऑडिट जांच का हवाला दिया गया। बोर्ड के एसई लोकेश ठाकुर ने बताया कि बिलों में होने वाली अनियमितता को पकड़ने के लिए सालना ऑडिट होता है।
इसमें कई बार गलत रीडिंग या फिर गलत क्रेडिट होने से कुछ बकाया राशि निकल आती है जिसे बिलों में समायोजित किया जाता है। ऐसे में करीब पांच दर्जन उपभोक्ताओं के बिलों में कमियां निकली हैं। इसके बावजूद अगर किसी उपभोक्ता को संदेह है तो वह कार्यालय में आकर बिलों को चेक करवा सकते हैं।