मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग
- फोटो : अमर उजाला
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) मनीष गर्ग ने चुनाव ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और सशस्त्र बलों से कहा है कि वे अपने डाक मतपत्र संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों (आरओ) को जल्द से जल्द पोस्ट करें। मतपत्र 8 दिसंबर को सुबह 8:00 बजे से पहले पहुंच जाने चाहिए। तभी इन्हें मतगणना प्रक्रिया में शामिल किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों को जारी 59,728 डाक मतपत्रों में से अब तक 32,177 डाक मतपत्र संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों को मिल चुके हैं। सेवारत सैन्य कर्मियों के लिए जारी 67,559 डाक मतपत्रों में से 15,099 डाक मतपत्र अब तक रिटर्निंग अधिकारियों को उनके कार्यालय में मिले हैं। आरओ के प्राप्त होने वाले डाक मतपत्रों का दिन-प्रतिदिन का रिकॉर्ड रखने के लिए एक वेब-एप्लिकेशन शुरू की गई है। इसकी नियमित रूप से चुनाव आयोग निगरानी कर रहा है।
कहा कि अधिकारियों को चुनाव ड्यूटी पर जाने से पहले पोस्टल बैलेट पेपर जारी कर दिए गए थे। इसके बाद इन्हें जारी करने का कोई प्रावधान नहीं था। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संबंधित आरओ को डाक मतपत्र केवल डाक से ही भेजे जाने हैं। इसके लिए अलग से कोई मतपेटी या संग्रह केंद्र पोस्टल बूथ स्थापित नहीं किए जाने हैं। आवश्यक सेवाओं के दायरे में आने वाले उन सभी अधिकारियों के पोस्टल बैलेट पेपर, जिन्होंने फार्म 12-डी पर आवेदन किया था। उनके विभागों के नोडल अधिकारियों को आरओ को भेजे गए थे। आरओ ने ऐसे आवश्यक सेवा अधिकारियों के लिए अपने संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में किसी भी एक दिन अपना वोट डालने के लिए तीन तारीखें निर्धारित की थीं। जो इस उद्देश्य के लिए अलग से बनाए गए मतदान केंद्रों पर थीं। यह सुविधा पहली बार विधानसभा चुनाव 2022 में मिली थी, जिसे 10 नवंबर तक पूरा कर लिया गया है।