विधानसभा चुनाव खत्म होते ही दूसरे दिन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा परिवार के साथ दिल्ली लौट गए। दिल्ली जाने से पहले वे लुहणू में कार्यकर्ताओं और पार्टी के पदाधिकारियों से मिले और चुनाव में दिन-रात कार्य करने के लिए उनका आभार जताया। कार्यकर्ताओं ने नड्डा से कहा कि वे भी गुजरात चुनाव के लिए आएंगे।
इस पर नड्डा बोले, आप यहीं संभालो। इससे पहले नड्डा का भगेड़ चौक पर कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। उनके साथ जिला बिलासपुर के भाजपा प्रत्याशी भी थे। भगेड़ चौक पर चाय की चुस्कियां लेने के बाद कार्यकर्ताओं से मिले। उन्होंने कहा कि हिमाचल के बाद अब गुजरात में भी भाजपा परचम लहराएगी। इसके उपरांत जेपी नड्डा दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
नड्डा ने 12 नवंबर को विजयपुर में पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि वे हिमाचल में वोट करने के बाद दिल्ली लौटेंगे। उसके बाद पूरा फोकस गुजरात चुनाव पर होगा। उनके साथ राजेंद्र गर्ग, त्रिलोक जमवाल, जीतराम कटवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान, रणधीर शर्मा, सोनल शर्मा, स्वदेश ठाकुर, बूथों के अध्यक्ष के अलावा, पवन शर्मा, अशोक कुमार, चैन सिंह, सुरेश, मदन वर्मा, गौरव शर्मा, नवीन शर्मा, मुनीष कुमार, अनिल कुमार, मस्तराम, नंदकिशोर, राजकुमार, बाबूराम, कश्मीर सिंह, राजेंद्र प्रसाद, पुरुषोत्तम, दीपक कुमार, इंद्रजीत ठाकुर, राकेश राव, सुरेंद्र, दीनू चंदेल, पंकज नड्डा और बलदेव आदि मौजूद रहे।