हिमाचल प्रदेश में सोमवार को पांच और कोरोना संक्रमितों की मौत हुई है। जबकि प्रदेश में 1471 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज आए हैं। इनमें से जिला कांगड़ा के 74 वर्षीय युवक, जिला शिमला के 53 वर्षीय महिला, जिला सिरमौर के 85 वर्षीय बुजुर्ग, जिला ऊना के 74 वर्षीय बुजुर्ग और जिला मंडी के 46 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई है। प्रदेश में सोमवार को 9152 लोगों के सैंपल लिए गए। वर्तमान में कोरोना सक्रिय मरीजों की संख्या 9281 है। स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने सोमवार को कैबिनेट की बैठक में प्रस्तुति दी। प्रदेश में प्रतिदिन कोरोना के मामले मामलों में कमी आ रही है। इसके बाद ही प्रदेश में बंदिशों में ढील दी गई। वहीं, प्रदेश में एक फरवरी से 15 से 18 साल तक के किशोरों को कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज लगनी शुरू हो जाएगी। यह वैक्सीन स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों में लगेगी। स्वास्थ्य विभाग के सेंटर में दो हेल्थ वर्कर और शिक्षा विभाग के तीन कर्मचारी तैनात रहेंगे।
किशोर कहीं भी नजदीकी स्कूलों में वैक्सीन लगवा सकेंगे। नौवीं से 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को यह टीका लगेगा। हिमाचल में ग्रीष्मकालीन स्कूल तीन फरवरी से खुल रहे हैं। शीतकालीन स्कूलों में अभी अवकाश है। ऐसे में शीतकालीन स्कूल के विद्यार्थी स्कूलों में ही दूसरी डोज लगाएंगे। ग्रीष्मकालीन स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थी नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र और स्कूलों में वैक्सीन लगा सकेंगे। हिमाचल में 15 से 18 साल तक के 3.50 लाख किशोर हैं। विद्यार्थी पहले की तरह कोविन पोर्टल पर स्वयं पंजीकरण कर वैक्सीन के लिए समय तय कर सकते हैं। शिक्षा विभाग ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए स्कूल प्रिंसिपलों की जिम्मेदारी तय की है। एनएचएम निदेशक हेमराज बैरवा ने कहा कि वैक्सीन लगाने के लिए स्वास्थ्य कर्मचारियों की ड्यूटियां लगा दी गई हैं।