हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को दो और कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो गई है। इनमें कांगड़ा की 90 बुजुर्ग महिला व मंडी के 71 वर्षीय संक्रमित बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। वहीं, प्रदेश में 16 विद्यार्थियों समेत 183 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बिलासपुर जिले में तीन, हमीरपुर दो, कांगड़ा चार और ऊना में सात विद्यार्थियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। प्रदेश में अब तक 113 विद्यार्थी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें से 15 विद्यार्थी ठीक हो गए हैं जबकि 89 अभी भी पॉजिटिव हैं। पॉजिटिव नौवीं, 10वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थी है। प्रदेश में कोरोना मृतकों का आंकड़ा 3711 पहुंच गया है। प्रदेश में अब तक कोरोना के 221826 मामले आ चुके हैं। इनमें से 216750 ठीक हो चुके हैं। कोरोना सक्रिय मामले 1348 हो गए हैं। इसमें से बिलासपुर जिले में 82, चंबा 10, हमीरपुर 281, कांगड़ा 463, किन्नौर नौ, कुल्लू 28, लाहौल-स्पीति एक, मंडी 170, शिमला 90, सिरमौर सात, सोलन 39 और ऊना में 168 सक्रिय मामले हैं। बीते 24 घंटों के दौरान 142 मरीज ठीक हुए हैं और कोरोना की जांच के लिए 8442 लोगों के सैंपल लिए गए। सिरमौर में सोमवार को सक्रिय केस शून्य हो गए थे, लेकिन मंगलवार को यहां सात नए मामले आए हैं।
ये भी पढ़ें:
हिमाचल: बर्फबारी से प्रदेश में 34 संपर्क मार्ग और तीन एनएच अभी भी बंद, जनजातीय भागों में बढ़ी शीतलहर
55.6 फीसदी आबादी को लगी कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज
उधर, हिमाचल प्रदेश में 55.6 प्रतिशत आबादी को कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई जा चुकी है। प्रदेश में 55 लाख 23 हजार पात्र लोग हैं। जिनका कोविड-19 के खिलाफ टीकाकरण किया जा रहा है। निर्धारित लक्ष्य के दृष्टिगत राज्य में अब तक 30,71,853 लोगों को कोविड-19 वैक्सीन की दूसरी खुराक लगाई जा चुकी हैं। किन्नौर प्रदेश भर में अग्रणी बना हुआ हैं। लाहौल - स्पीति 82.1 फीसदी लक्ष्य को हासिल कर दूसरे स्थान पर है। सोलन 73.6, बिलासपुर 64.7, चंबा 42.5, हमीरपुर 56.7, कांगड़ा 51.1, कुल्लू 53.6, मंडी 51.8, शिमला 60.2, सिरमौर 44 फीसदी और ऊना ने 61.3 फीसदी लक्ष्य को हासिल किया हैं। प्रदेश सरकार ने 30 नवंबर तक हिमाचल में लक्षित सभी लोगों को दूसरी डोज लगाने का फैसला लिया है। इसको लेकर जिला उपायुक्त, सीएमओ और वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षकों को ज्यादा से ज्यादा लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज लगाने को कहा है। स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने बताया कि 30 नवंबर तक हिमाचल में लक्षित सभी लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज लगाने का लक्ष्य रखा है। चंबा और सिरमौर में सीएमओ को वैक्सीन में तेजी लाने को कहा है।
दूसरी डोज लगाने के लिए प्रेरित करेंगे स्वास्थ्य कार्यकर्ता
30 नवंबर तक लक्ष्य हासिल करने के लिए स्वास्थ्य कार्यकर्ता लोगों को घर-घर जाकर दूसरी डोज लगाने के लिए प्रेरित करेंगे। पहली डोज लगाने के बाद अब लोग दूसरी डोज लगाने के लिए लोग आगे नहीं आ रहे हैं। मोबाइल पर संदेश करने के बाद भी लोगों का कम रुझान है।