हिमाचल प्रदेश में सोमवार को पांच और कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो गई है। इनमें कांगड़ा के 87 व 75 बुजुर्ग, 43 वर्षीय महिला, मंडी के 87 वर्षीय बुजुर्ग और ऊना के 82 वर्षीय बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। वहीं, प्रदेश में 30 बच्चों समेत 166 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ऊना में 21, मंडी चार और बिलासपुर में पांच बच्चों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। प्रदेश में कोरोना मृतकों का आंकड़ा 3709 पहुंच गया है। प्रदेश में अब तक कोरोना के 221604 मामले आ चुके हैं।
इनमें से 216608 ठीक हो चुके हैं। कोरोना सक्रिय मामले 1270 रह गए हैं। इसमें से बिलासपुर जिले में 79, चंबा नौ, हमीरपुर 269, कांगड़ा 451, किन्नौर चार, कुल्लू 25, लाहौल-स्पीति एक, मंडी 186, शिमला 84, सोलन 27 और ऊना में 133 सक्रिय मामले हैं। बीते 24 घंटों के दौरान 195 मरीज ठीक हुए हैं और कोरोना की जांच के लिए 6783 लोगों के सैंपल लिए गए।
सिरमौर जिला हुआ कोरोना मुक्त
वहीं, प्रदेश का सिरमौर जिला 19 माह बाद कोरोना मुक्त होगया है। अस्पताल में भर्ती दो मरीज ठीक होने से जिले में कोरोना सक्रिय मामलों की संख्या शून्य हो गई है। जिले में पिछले काफी समय से कोरोना का कोई नया मामला नहीं आया है।