हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को चार और कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो गई। कांगड़ा जिले में 87 वर्षीय, 72 वर्षीय, 61 वर्षीय परुष व 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने दम तोड़ा। उधर, प्रदेश के कोरोना के 174 नए मामले आए हैं। प्रदेश में कोरोना मृतकों का आंकड़ा 3592 पहुंच गया है। वहीं, अब तक कोरोना के 214193 मामले आ चुके हैं। इनमें से 208815 ठीक हो चुके हैं। कोरोना सक्रिय मामले 1767 रह गए हैं। इसमें से बिलासपुर जिले में 116, चंबा 121, हमीरपुर 249, कांगड़ा 360, किन्नौर 31, कुल्लू 89, लाहौल-स्पीति 37, मंडी 370, शिमला 251, सिरमौर 15, सोलन 79 और ऊना में 49 सक्रिय मामले हैं। बीते 24 घंटों के दौरान 206 मरीज ठीक हुए हैं और कोरोना की जांच के लिए 9859 लोगों के सैंपल लिए गए।
इसके तहत अब दिव्यांगों, बुजुर्गों और बिस्तर से न उठने वाले लोगों को घर-द्वार ही कोरोना के टीके लगाए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से चूड़ी, किहार, पुखरी, समोट और तीसा में 12 एंबुलेंस टीमें बनाई गई हैं। तीन सदस्यों की इस टीम में वैक्सीनेटर, पंजीकरणकर्ता और आशा वर्कर शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मानें तो पंचायत स्तर पर दिव्यांग, बुजुर्गों और बिस्तर से न उठ पाने वाले लोगों की जानकारी बीडीओ और पंचायत प्रतिनिधि के माध्यम से एकत्रित की जाती है। सीएमओ डॉ. कपिल शर्मा ने बताया कि दिव्यांगों, बुजुर्गों और बिस्तर से न उठ पाने वाले लोगों को घर-द्वार टीकाकरण करवाने के लिए मोबाइल टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने कहा कि पांगी और भरमौर में टीकाकरण पूरा हो चुका है। ऐसे में शेष पांच ब्लॉकों में 12 मोबाइल टीमें रोजाना दिव्यांगों, बुजुर्गों और बिस्तर से न उठ पाने वाले लोगों को घर-द्वार टीका लगाने के लिए जा रही हैं।