हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को दो और कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो गई। हमीरपुर के 60 वर्षीय और शिमला के 75 वर्षीय बुजुर्ग ने दम तोड़ा है। प्रदेश में सक्रिय मरीजों की संख्या 797 रह गई है। मौत का आंकड़ा 3835 पहुंच गया है। शुक्रवार को प्रदेश में 4233 लोगों की सैंपलिंग हुई।
वहीं, कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के अलर्ट के बीच जिला स्वास्थ्य विभाग ने मंडी में लक्षित आबादी में से 98 फीसदी को कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लगा दी है। शेष दो फीसदी को स्वास्थ्य विभाग तलाश रहा है। ये वे प्रवासी लोग बताए जा रहे हैं, जो पहली डोज लगाने के बाद किसी अन्य स्थान पर चले गए हैं। इन्हें ढूंढने के लिए अभियान छेड़ा जा रहा है। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन से निपटने के लिए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से सतर्क हो गया है। शुक्रवार को जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने मेकशिफ्ट कोविड अस्पताल भंगरोटू का दौरा किया और अस्पताल प्रबंधन से ओमिक्रॉन की किसी भी संभावना से निपटने को लेकर पूर्व तैयारियों का ब्योरा लिया।