फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल: चुनावों से पहले कांग्रेस को एक और झटका, कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन ने थामा भाजपा का दामन

Wed, 28 Sep 2022 07:12 PM IST
अरविन्द ठाकुर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला

सार

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन ने भाजपा का दामन थाम लिया है। उन्होंने दिल्ली में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
विज्ञापन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के साथ हर्ष महाजन। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल कांग्रेस को प्रदेश भाजपा ने फिर झटका दे दिया। इस बार हिमाचल कांग्रेस के एक और कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष हर्ष महाजन को भाजपा ने अपने खेमे में शामिल कर लिया। हर्ष केंद्रीय उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल की मौजूदगी में बुधवार को नई दिल्ली में भाजपा में शामिल हुए। उन्होंने यहां भाजपा की सदस्यता ले ली। इससे पहले कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष विधायक पवन काजल भाजपा में शामिल हो चुके हैं। 

विज्ञापन


गौर हो कि हर्ष पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के विशेष सलाहकार और रणनीतिकार रह चुके हैं। हर्ष तीन बार चंबा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे हैं। वीरभद्र सरकार में पशुपालन मंत्री भी रहे। वह राज्य सहकारी बैंक के चेयरमैन भी रह चुके हैं। इस बार संभावना जताई जा रही है कि भाजपा उन्हें चंबा से चुनाव मैदान में उतारे। एनएसयूआई से राजनीति में आए हर्ष युवा कांग्रेस में भी सक्रिय रहे हैं। बीते चुनाव में उन्होंने अर्की में वीरभद्र के लिए चुनाव प्रबंधन किया था। भाजपा को ज्वाइन करने के बाद हर्ष ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से भी भेंट की। 

कांग्रेस मुख्यालय से हटाई हर्ष महाजन की नेम प्लेट
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला से बुधवार दोपहर बाद पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन के कार्यालय के बाहर लगी नेम प्लेट को हटा दिया गया। पार्टी कार्यालय में मौजूद पदाधिकारी हर्ष महाजन के भाजपा में शामिल होने के फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण बता रहे हैं। पार्टी नेताओं ने बताया कि दो दिन पहले तक महाजन रोजाना कार्यालय आते थे। कई घंटों बैठकर यहां कार्यकर्ताओं से बैठकें करते थे। बीते सोमवार को हर्ष महाजन दिल्ली गए थे। भाजपा में उनके शामिल होने का फैसला हैरानी भरा है।
विज्ञापन


पार्टी दिशाहीन नहीं, नेता हो गए हैं संघर्षहीन : आशा
हर्ष महाजन के भाजपा में शामिल होने पर पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक आशा कुमारी ने ट्वीट किया कि पार्टी दिशाहीन नहीं, बल्कि 45 वर्षों तक संगठन से सम्मान और पद पाने वाले नेता संघर्षहीन हो गए हैं। ऐसे मौकापरस्त लोग जब अंधभक्ति स्वीकार कर लें तो समझ जाना चाहिए कि स्वार्थ, स्वहित और अहंकार उनके सिर चढ़ चुका है। आशा कुमारी ने लिखा कि वरिष्ठ नेता उम्र से नहीं निष्ठा, ईमानदारी और संघर्ष से बनते हैं।
विज्ञापन


 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें