अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य एवं प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला ने कहा कि पार्टी के पदाधिकारी विधानसभा चुनावों के लिए मैदान में डट जाएं। विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को मजबूती के साथ जीत हासिल करनी है। सभी को एकजुट होकर लोगों के बीच जाना है। पार्टी के घोषणापत्र में किसानों-बागवानों और आम लोगों के हितों को जुड़े मुद्दे प्रमुखता से शामिल किए जाएं। शुक्ला ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में प्रदेश कांग्रेस की विभिन्न कमेटियों की बैठक की अध्यक्षता की। कहा कि कांग्रेस को पूर्व की भांति जन आकांक्षाओं को पूरा करना होगा। प्रदेश कांग्रेस चुनाव घोषणा कमेटी की बैठक में शुक्ला ने कहा कि पार्टी की नीतियों और जन कल्याण को प्रमुखता दी जाए।
घोषणापत्र पार्टी का दस्तावेज और आइना होता है। इसके तहत सरकार लोगों से किए अपने वादों को पूरा करती है। लोगों को कांग्रेस से बहुत उम्मीदें हैं। बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी मुख्य मुद्दे हैं।
कांग्रेस चुनाव प्रबंधन कमेटी की बैठक में शुक्ला ने चुनाव तैयारियों और उसके बेहतर प्रबंधन पर जोर दिया। प्रदेश से बूथ स्तर तक पूरे समन्वय के साथ चुनाव प्रचार पूरी रणनीति के साथ भाजपा की विफलता और इसके भ्रष्टाचार को उजागर किया जाए।
बैठकों में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य प्रदेश मामलों के सह प्रभारी संजय दत्त, तजेंद्र पाल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू, संगठन महामंत्री रजनीश किमटा, पूर्व अध्यक्ष अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कुलदीप राठौर, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन, राजेंद्र राणा, पवन काजल, विनय कुमार, कर्नल धनीराम शांडिल, आशीष बुटेल, रोहित ठाकुर, भवानी सिंह पठानिया, जैनब चंदेल, यदुपति ठाकुर, कौल सिंह, प्रकाश चौधरी, रामलाल ठाकुर, कुलदीप सिंह पठानिया, अनिरुद्ध सिंह, हर्षवर्धन चौहान, सुधीर शर्मा, सोहन लाल ठाकुर, आश्रय शर्मा, राजेश धर्माणी और विक्रमादित्य सिंह भी मौजूद रहे।