सावन बरवाल और सीमा कुमारी को इतनी राशि मिलेगी
पुरुषों की मैराथन में रजत पदक जीतने वाले मंडी के सावन बरवाल को 2.50 करोड़ रुपये प्रदान किए जाएंगे। वहीं, महिलाओं की 10 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतने वाली चंबा की सीमा कुमारी को 1.50 करोड़ रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
किस खेल के लिए कितनी पुरस्कार राशि
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक में स्वर्ण पदक के लिए 5 करोड़, रजत के लिए 3 करोड़ और कांस्य पदक के लिए 2 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की है। इसी तरह एशियाई और पैरा एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक के लिए 4 करोड़, रजत के लिए 2.50 करोड़ और कांस्य पदक के लिए 1.50 करोड़ रुपये देने का प्रावधान है।
2024 में 17.44 करोड़ रुपये की इनामी राशि दी गई: सीएम
उन्होंने बताया कि 2024 में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले या पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को कुल 17.44 करोड़ रुपये की इनामी राशि दी गई। तीन प्रतिशत स्पोर्ट्स कोटा के तहत अब तक 99 खिलाड़ियों को नौकरी दी गई है। राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले छात्रों को अपनी पढ़ाई और खेल गतिविधियों के बीच तालमेल बिठाने के लिए विशेष छुट्टी भी दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों के लिए डाइट अलाउंस (आहार भत्ता) भी बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश से बाहर होने वाली खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए यात्रा संबंधी सुविधाओं में भी वृद्धि की गई है। 200 किलोमीटर तक की यात्रा करने वाले खिलाड़ियों को एसी 3-टियर ट्रेन का किराया दिया जा रहा है जबकि 200 किलोमीटर से अधिक की यात्रा करने वाले खिलाड़ी हवाई यात्रा में इकोनॉमी क्लास टिकट के लिए पात्र हैं।