उत्तर प्रदेश की जीत से गदगद भाजपा अब इस विजय रथ को पूरे देश में जारी रखना चाहती है, इसकी बानगी हिमाचल में भी देखने को मिल रही है। नवंबर में गुजरात के साथ संभावित चुनावों के लिए पार्टी हाईटेक तरीके से विरोधियों को चित करने के तैयारी में है।
इसके लिए पार्टी ने प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों के लिए अलग-अलग 68 आधुनिक रथ तैयार किए हैं, जो अगले 3 महीने तक लगातार हर विधानसभा में घूम-घूम कर आधुनिक तरीके से पार्टी का प्रचार-प्रसार कर करेंगे।
शुक्रवार को ऊना के बरनोह में सांसद अनुराग ठाकुर ने इनमें से हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के लिए 17 रथ झंडी देकर रवाना किए। साथ ही प्रदेश में बीजेपी ने चुनावी रणभेरी का शंखनाद कर दिया है। पार्टी अब हाईटेक तरीके से कांग्रेस का मुकाबला करेगी।
इस आधुनिक रथ में एक 55 इंच की एलईडी स्क्रीन लगी होगी, जिस पर मोदी सरकार की जनहित योजनाओं को दिखाया जाएगा और जनता के बीच पार्टी की छवि को बेहतर ढंग से प्रस्तुत किए जाने का प्रयास किया जाएगा। रथ के सामने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कटआउट लगा होगा।