हाईकमान ने प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी से पहले ब्लॉक अध्यक्ष बनाने के आदेश दिए हैं। साथ की कहा है कि विधायकों और वरिष्ठ नेताओं की सिफारिश पर ही ब्लॉक कमेटी के नए अध्यक्ष बनाए जाएंगे। बीसीसी अध्यक्षों की ताजपोशी के बाद कांग्रेस की नई कार्यकारिणी का गठन करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश कार्यकारिणी की सूची तैयार करने के बाद पार्टी की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर और नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री हाईकमान के पास एक साथ जाएंगे।
सूत्रों के अनुसार पहले प्रदेश कार्यकारिणी बनाई जानी थी, लेकिन अब नए सिरे से ब्लॉक अध्यक्षों की तैनाती करने के आदेश हाईकमान ने प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल को दिए हैं। प्रदेश कांग्रेस को भी अवगत करवा दिया है। बीसीसी अध्यक्षों की तैनाती से पहले संबंधित ब्लॉक के विधायक, पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेताओं की सिफारिश से होगी। इनकी पसंद पर ब्लॉक अध्यक्षों की तैनाती करनी होगी।
उल्लेखनीय है कि प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने भी सबसे पहले ब्लॉक अध्यक्षों की तैनाती के लिए बाकायदा पर्यवेक्षकों की तैनाती की थी। इन्होंने ब्लॉकों में बैठक लेने के बाद बीसीसी अध्यक्षों के लिए सिफारिशें की थीं। इसके बाद राठौर ने साठ ब्लॉक अध्यक्ष तैनात कर दिए थे, लेकिन हाईकमान ने पीसीसी, डीसीसी और बीसीसी को भंग कर दिया था। अब नए सिरे से प्रदेश, जिला और ब्लॉक कार्यकारिणी चुनी जाएगी।