हिमाचल में बीते 24 घंटे में हुए मूसलाधार बारिश से सरकार को 20.05 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। सड़कें और पुल बह गए हैं, कई जिलों में वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई है। आगामी दो दिनों तक प्रदेश में यातायात व्यवस्था पटरी पर नहीं आने वाली है। जिला हमीरपुर में सबसे ज्यादा नुकसान आंका गया है।
यहां 8.43 करोड़ रुपये की तबाही हुई है। लोक निर्माण विभाग के मंडी जोन में 130 सड़कों पर यातायात ठप हो गया है। जिनको तुरंत खोलने की संभावना नजर नहीं आ रही है। प्रदेश सरकार ने सभी जिलों से नुकसान की रिपोर्ट मांगी है। प्रदेश में 260 सड़कें यातायात के लिए बाधित हो गई हैं।
लोक निर्माण विभाग ने दावा किया है कि 91 सड़कों को तुरंत खोला जाएगा जबकि 84 सड़कें 15 अगस्त शाम तक यातायात के लिए बहाल हो सकती हैं, जबकि 85 सड़कों को खोलने के लिए समय लगेगा।