उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। हेलो; मैं डॉ. रणजीत बोल रहा हूं, आपको कोरोना वैक्सीन लगी या नहीं। खुद फोन कर केलांग के जिला स्वास्थ्य अधिकारी लोगों से यह जानकारी ले रहे हैं। अगर कोई बताता है कि वैक्सीन नहीं लगी तो अगले दिन टीम वहां पहुंच जाती है और वैक्सीनेशन करती है।
कोरोना काल में कई अफसर और कर्मचारी दूसरों के लिए प्रेरणा बन गए हैं। कोरोना वैक्सीन लगवाने से कोई छूट न जाए, इसके लिए केलांग के जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रणजीत सिंह वैद्य हर संभव प्रयास कर रहे हैं। जिले में कोरोना की पहली डोज शत-प्रतिशत लोगों को लग चुकी है। इसमें डॉ. रणजीत का सहयोग कम नहीं। वे स्वयं मोबाइल से संपर्क साधकर लोगों से पूछ रहे हैं कि घर और आसपास के लोगों को कोरोना वैक्सीन लगी या नहीं। तमाम जानकारी लेने के बाद अगले दिन ही वैक्सीन टीम उस क्षेत्र के गांव की ओर रवाना हो जाती है। मिलनसार स्वाभाव के चलते अधिकारी के दिए काम को कर्मचारी भी नहीं टालते हैं।
जनजातीय क्षेत्र लाहौल-स्पीति जिला के जाहलमा गांव से संबंध रखने वाले डॉ. रणजीत सिंह वैद्य क्षेत्रीय अस्पताल केलांग में जिला स्वास्थ्य अधिकारी के पद पर तैनात हैं। वर्तमान में उनके पास जिला कोविड निगरानी अधिकारी का जिम्मा भी है। डॉ. रणजीत सिंह वैद्य ने कहा कि उनकी टीम टीकाकरण के इस अभियान में पुरजोर काम कर रही है। जिला प्रशासन का भी विशेष सहयोग मिल रहा है।