औसतन 40 मरीज रोजाना मेडिसिन ओपीडी में करवा रहे उपचार
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। मौसम में बदलाव आने से राजधानी के लोग वायरल फीवर की चपेट में आ रहे हैं। अस्पताल में लगातार आ रहे वायरल फीवर के मरीजों के बाद चिकित्सकों ने हिदायत बरतने के निर्देश जारी हैं। डॉक्टरों का कहना है कि तीन से चार दिन में भी बुखार ठीक न हो तो तुरंत अस्पताल में उपचार करवाएं।
आईजीएमसी में इन दिनों वायरल फीवर से पीड़ित मरीजों की संख्या में इजाफा होना शुरू हो गया है। अस्पताल की मेडिसिन ओपीडी में औसतन 40 मरीज उपचार के लिए आ रहे हैं। अधिकांश मरीज तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द और थकान जैसे लक्षणों को लेकर आ रहे हैं। मेडिसिन विभाग के सहायक प्रो. डॉ. उष्येंद्र शर्मा ने बताया कि अगर तीन से चार दिन में बुखार ठीक न हो तुरंत अस्पताल में उपचार के लिए आएं। इनसेट
60 साल से अधिक आयु के लोग रखें ध्यान
आईजीएमसी के मेडिसिन विभाग के सहायक प्रो. डॉ. उष्येंद्र शर्मा ने बताया कि इन दिनों 60 साल या उससे अधिक आयु के लोगों को अपना खास ध्यान रखना चाहिए। बुखार तीन से चार दिनों में ठीक हो जाता है, लेकिन इन दिनों देखा गया है कि यह एक से दो सप्ताह तक रहता है। लिहाजा अगर अधिक परेशानी होती है तो समय रहते अस्पताल आकर उपचार करवाना चाहिए।
इनसेट
फिर मास्क पहनने की दी हिदायत
डॉक्टरों का कहना है कि वायरस तेजी से फैलता है। ऐसे में भीड़ वाली जगहों पर मास्क पहनना चाहिए। वहीं बीमारी से जल्दी ठीक होने के लिए संतुलित आहार के साथ-साथ पर्याप्त नींद लेनी चाहिए। इससे बीमारी से लड़ने की इम्यूनिटी बढ़ जाती है। इसके अलावा ताजे फलों का सेवन करने की सलाह भी चिकित्सक ओपीडी में आए मरीजों को दे रहे हैं।