फेसबुक और व्हाटस एप्प ने दिवाली पर शुभकामना संदेश भेजने के लिए इस्तेमाल होने वाले कागज के ग्रीटिंग कार्डों की चमक फीकी कर दी है। कारोबारियों का कहना है कि दिवाली के कार्डों की बिक्री पहले की तुलना में 60 से 70 फीसदी कम हो गई है।
इंटरनेट के जरिये ई-कार्ड भेजने के बढ़ते चलन से दिवाली पर शुभकामना संदेश भेजने के लिए अब कागज से बने कार्डों की मांग कमजोर पड़ने लगी है। खासकर युवा वर्ग अब इन कार्डों की जगह ई-कार्ड मोबाइल फेसबुक ट्यूटर जैसी नेटवर्किंग साइटों का इस्तेमाल करने लगा है। एक तो यह आसान है और दूसरा इसमें वक्त की बचत है।
लोगों का मानना है कि ई-कार्ड में उन्हें अपने मन मुताबिक कार्ड बनाने और भेजने की जितनी छूट है वह कागज के कार्डों में नहीं। कसुम्पटी में प्रिंटिंग प्रेस संचालक दिलीप शर्मा ने बताया कि मोबाइल और इंटरनेट से बधाई संदेश भेजने के कारण इस बार दीपावली पर ग्रीटिंग कार्ड का कारोबार 75 फीसदी से घटकर मात्र 15 फीसदी रह गया है।
पांच साल पहले दिवाली और अन्य फेस्टिवल पर कार्ड छपवाने वालों के एडवांस ऑर्डर होते थे। अब बहुत ही कम लोग कार्ड छपवाने लगे हैं। पहले कारोबारी अपने कई ग्राहकों को फर्म के नाम से प्रिंटिड कार्ड भेजते थे लेकिन अब कंप्यूटर पर फेसबुक या व्हाटसएप के जरिये सभी को एक ही दिन में निशुल्क कार्ड भेज सकते हैं।