हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में शुक्रवार को गोवर्धन पूजा की जाएगी। सुबह आठ से लेकर 10:47 तक पूजा का शुभ मुहूर्त है। वहीं इसके बाद 11:45 से दोपहर 12:33 तक अभिजीत मुहूर्त रहेगा। राधा कृष्ण गंज मंदिर के पुजारी उमेश नौटियाल ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छह अक्टूबर को भैया दूज का पर्व मनाया जाएगा। इस बार भैया दूज के पर्व पर भद्रा नहीं होगी। वही दोपहर 12:10 से लेकर शाम 4:21 तक चौघड़िया मुहूर्त रहेगा। इस दौरान यह पर्व मनाना शुभ रहेगा।
दिवाली पर लक्ष्मी, गणेश पूजा मुहूर्त
लक्ष्मी पूजा शुभ मुहूर्त शाम 6:10 से लेकर रात 8:06 बजे तक
लक्ष्मी पूजा प्रदोष काल मुहूर्त शाम 5:35 से रात 8:10 शाम तक
धनतेरस के दूसरे दिन भी बर्तन बाजारों में रही भीड़, गहनों की हुई जमकर खरीदारी
वहीं, धनतेरस के बाद दिवाली के लिए शहर के बाजारों में बुधवार को लोगों ने जमकर खरीदारी की। घर पर दीवाली मनाने के लिए गांव लौटने से पहले लोगों ने बाजार पहुंचकर बर्तन, गहने और मिठाईयां खरीदीं। धनतेरस के दूसरे दिन भी बर्तन की दुकानों पर भीड़ लगी रही। गहनों की दुकानों पर भी ग्राहक पहुंचे। शहर की सबसे बड़ी मार्केट लोअर बाजार में सुबह दस बजे से ही लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। कारोबारियों के अनुसार ज्यादातर लोग एक दिन पहले ही दिवाली के लिए सामान खरीदते हैं। इसलिए मिठाईयों की दुकानों पर सबसे ज्यादा भीड़ रही। कई दुकानों पर लाइनें भी लगी रही। लोगों ने खीले, बताशे, पैठा आदि भी खरीदे। महंगे होने के बावजूद ड्राई फ्रूट्स के गिफ्ट पैक भी इस बार खूब बिके।
लोअर बाजार और रामबाजार में सजावटी सामान की भी बुधवार को काफी बिक्री हुई है। इन दुकानों के अलावा कपड़े, जूते, मोबाइल, टीवी और फ्रीज आदि की खरीदारी को लेकर भी काफी भीड़ दुकानों पर लगी रही। गंज की अनाज मंडी में भी बुधवार को काफी रौनक रही। शिमला व्यापार मंडल अध्यक्ष हरजीत मंगा ने कहा कि इस बार दिवाली पर कारोबार अच्छा रहा है। कपड़ा, बर्तन, गहने से लेकर हर तरह का सामान रखने वाले कारोबारियों को मुनाफा होने लगा है। उम्मीद है बाजार में ऐसे ही तेजी रहेगी।