मनाली पुलिस की किसी अज्ञात ने सड़क हादसे के नाम पर जमकर कसरत करवाई। फर्जी कॉल करने वाले व्यक्ति ने मनाली पुलिस को दो जगह सड़क हादसे होने की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन वहां कुछ नहीं था। पुलिस को झूठी सूचना देने के बाद उक्त व्यक्ति ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया। अब पुलिस ने मोबाइल कंपनी से नंबर की पूरी डिटेल मांगी है।
इससे पुलिस को गुमराह करने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा सके। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार को पुलिस को पहले एक व्यक्ति की कॉल आई और बताया गया कि सोलंगनाला के पास एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इसमें कई लोग सवार हो सकते हैं। सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर रवाना हुआ लेकिन मौके पर पहुंचने पर वहां कोई सड़क हादसा नहीं हुआ था।