केंद्र सरकार के स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के टॉप-20 में भले की धर्मशाला शहर नहीं आया है, लेकिन धर्मशाला शहर से सटे गांव अप्पर बड़ोल ने धुआं रहित होने का रिकॉर्ड कायम कर लिया है। केंद्र सरकार के ‘हर गांव धुआं रहित हो’ प्रोजेक्ट के तहत अप्पर बड़ोल को हिमाचल का पहला धुआं रहित गांव घोषित किया है।
इसके लिए इंडियन ऑयल ने बाकायदा प्रमाण पत्र भी जारी किया है। पहले अप्पर बड़ोल पंचायत थी, जबकि अब यह नगर निगम धर्मशाला का वार्ड नंबर 12 बन गया है। इंडियन ऑयल के अधिकारियों के अनुसार पंचायत में 843 राशन कार्ड धारक हैं और 843 गैस कनेक्शन भी हैं।
प्रदेश के पहले धुआं रहित गांव को इंडियन ऑयल के चीफ विजिलेंस ऑफिसर (आईपीएस) आनंद कुमार ने बीडीओ धर्मशाला को इस बाबत प्रमाण पत्र जारी कर दिया है। इसमें इंडियन ऑयल कार्यकारी निदेशक पीके दास और एलपीजी उपमहाप्रबंधक जगदीप राणा मौजूद रहे।