जोगिंद्रनगर के साईं बाजार में अग्निकांड
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोगिंद्रनगर में सोमवार आधी रात को आग की बड़ी घटना में एक बेकरी की दुकान जलकर राख हो गई। साथ लगती पांच दुकानें और रिहायशी मकानों को जलने से बचा लिया गया है। बैंक व मंदिर को भी सुरक्षित बचा लिया गया है। आग की चपेट में आईं कुछ दुकानों को आंशिक नुकसान पंहुचा है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। राहत की बात यह है कि अग्निकांड की घटना में किसी भी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ है। अनुमानित एक करोड़ से अधिक की संपत्ति को जलने से बचा लिया गया है। वहीं बेकरी में अंदर रखे सामान, मशीनरी और राशन समेत लाखों का सामना आग की भेंट चढ़ गया है। पुलिस, दमकल व राजस्व विभाग की टीमों ने सोमवार देर रात ही घटनास्थल पर पंहुचकर आग से हुए नुकसान का जायजा लिया है।
दमकल विभाग जोगिंद्रनगर के प्रभारी कर्म चंद के अनुसार मंडी-पठानकोट हाईवे पर पुलिस थाना चौक से महज 70 मीटर दूर साईं बाजार में सोमवार रात करीब 11:30 बजे एक बेकरी दुकान में अचानक आग लग गई। बताया कि भीषण आग को काबू करने में आसपास के लोगों ने भी दमकल विभाग का सहयोग किया। इसके चलते आग से होने वाले अधिक नुकसान को बचा लिया है। पुलिस थाना जोगिंद्रनगर के प्रभारी सकीनी कपूर ने बताया कि पुलिस ने आग की घटना से प्रभावित लोगों के बयान दर्जकर जांच शुरू कर दी है। तहसीलदार जोगिंद्रनगर डॉ. मुकुल शर्मा ने बताया कि राजस्व विभाग की रिपोर्ट के बाद आग से हुए नुकसान का आकलन कर प्रभावित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।