पांवटा नगर परिषद क्षेत्र के बद्रीपुर में एलआईसी कार्यालय में आग लगने से लाखों की क्षति हुई है। अचानक भवन के कार्यालय से धुआं निकलता दिखा। पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुलिस और फायर स्टेशन को दी। फायर स्टेशन का लैंडलाइन फोन खराब था। इसके चलते आधा घंटे देरी से फायर ब्रिगेड वाहन और टीम मौके पर पहुंची। आसपास के सैकड़ों लोगों ने शीशे तोड़कर आग बुझाने के प्रयास किए लेकिन आग भयंकर रूप लेकर बेकाबू हो गई। कार्यालय का रिकार्ड रूम समेत कंप्यूटर और अन्य सामान आग की भेंट चढ़ गया।
सूचना मिलने पर तहसीलदार पांवटा विमला वर्मा और पुलिस टीम पांवटा से मौके पर पहुंची। खिड़कियों के शीशे तोड़ कर आसपास के घरों से पानी की पाइपों से आग बुझाने के प्रयास किए। फायर टीम पहुंचने तक आग बेकाबू हो चुकी थी। भयंकर आग से रिकार्ड रूम, स्टेशनरी, खिड़कियों, दरवाजों, फर्नीचर, कार्यालय के सभी कमरों और हॉल में रखे दर्जनों कंप्यूटर जल कर राख हो गए। आगजनी का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है।
फायर स्टेशन पांवटा मालवा केंद्र के फायर ऑफिसर चरणजीत सिंह ने कहा कि सूचना मिलने पर टीम मौके पर भेज दी थी। लैंडलाइन नंबर खराब होने से आग की सूचना तुरंत नहीं मिल सकी। डीएसपी पांवटा भीष्म ठाकुर ने बताया कि शाम के समय सूचना मिली थी। इसके बाद बद्रीपुर एलआईसी कार्यालय के लिए टीम भेज दी गई।