परिजनों ने शहीद विक्रम बतरा के श्रद्धांजलि दी।
- फोटो : अमर उजाला
कारगिल युद्ध में दुश्मनों की छक्के छुड़ाने वाले परमवीर चक्र विजेता शहीद कैप्टन विक्रम बतरा का मंगलवार को शहीदी दिवस मनाया गया। उनके शहीदी दिवस पर अशोक चक्र विजेता शहीद मेजर सुधीर वालिया के परिवार ने विक्रम बतरा के परिजनों के साथ उनके घर बंदला में शहीद के श्रद्धांजलि दी। कारगिल युद्ध में टाइगर हिल पर कब्जा करने के बाद सात जुलाई को शहीद हुए कैप्टन विक्रम बतरा के परिजनों को अभी इस बात का मलाल है कि उनके बेटे की शहादत को किसी पाठ्यक्रम में नहीं जोड़ा गया।
उनके पिता जीएल बतरा ने कहा कि इसके लिए उन्होंने सरकारों से पत्राचार भी किया है। लेकिन अभी तक इस मामले में किसी ने कोई कदम नहीं उठाया है। उनके पिता की मानें तो उनके बेटे की शहादत को किसी पाठ्यक्रम में शामिल किया जाना चाहिए। विक्रम बतरा के घर पर उनके पिता जीएल बतरा, माता कमलकांत बतरा, शहीद मेजर सुधीर वालिया की बहन आशा, जीजा प्रवीन आहलुवालिया, भाभी सिमरन वालिया, ऋषिका और प्रवेश मौजूद रहे।