हिमाचल प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने के आरोप में निलंबित आठ जेबीटी शिक्षक चार्जशीट कर दिए गए हैं। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने चार्जशीट करने के बाद बुधवार को मेमोरेंडम जारी कर शिक्षकों से दस दिनों के भीतर उनका पक्ष मांगा है। असंतोषजनक जवाब प्राप्त होने पर शिक्षकों के खिलाफ विभागीय जांच होगी। राजधानी शिमला के चौड़ा मैदान में शिक्षा निदेशालय के पुनर्गठन के खिलाफ जेबीटी शिक्षक संघ ने प्रदर्शन किया था। शिक्षा सचिव ने प्रदर्शन नहीं करने के निर्देश दिए थे। आदेशों की अवहेलना होने पर आठ शिक्षकों को निलंबित किया गया। बिना मंजूरी हुए प्रदर्शन के दौरान सरकार और उच्च अधिकारियों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पिणयां करने के शिक्षक संघ पदाधिकारियों पर आरोप हैं। शिक्षकों का क्रमिक अनशन करीब सवा माह तक स्कूल शिक्षा निदेशालय के परिसर में चला था। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने स्वयं मौके पर जाकर अनशन समाप्त करवाया था।