तपोवन में शीतकालीन सत्र का बुधवार को तीसरा दिन है। सदन में भ्रष्टाचार और नोटबंदी पर फिर हंगामा हो सकता है। हाउस में प्रश्नकाल के तीसरे दिन बुधवार को राज्यपाल की ओर से मंजूर आठ अलग-अलग विधेयक सदन के पटल पर रखे जाएंगे।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह विभिन्न दस्तावेजों की प्रतियां सभा पटल पर रखेंगे। शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा नगर निगम द्वितीय संशोधन अध्यादेश और आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चैधरी स्थानीय क्षेत्र में माल के प्रवेश पर कर द्वितीय संशोधन संबंधी अध्यादेश सदन में प्रस्तुत करेंगे।
लोक लेखा समिति के सभापति रविंद्र रवि, कल्याण समिति के सभापति खूबराम, जनप्रशासन समिति के सभापति राकेश कालिया और सामान्य विकास समिति के सभापति सुरेश भारद्वाज अपनी-अपनी समितियों से संबंधित प्रतिवेदन पटल पर रखेंगे।
सरकार की ओर से शस्त्र लाइसेंस के शुल्क में अकस्मात पचास गुणा वृद्धि करने से पैदा स्थिति की तरफ भाजपा के महेश्वर सिंह और चोरी के वाहनों की बरामदगी को लेकर कई स्थानों पर दबिश और भाजपा के जयराम ठाकुर नियम 62 के तहत ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाएंगे।