कान्वेंट स्कूलों की तरह अब सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की भी हर गतिविधि का उनके घर पर एसएमएस पहुंचेगा। ई संवाद मोबाइल एप से शिक्षक हर अभिभावक को नियमित तौर पर बच्चों की परफार्मेंस से अवगत करवाएंगे। पायलट प्रोजेक्ट के तहत मंडी जिला को चुना गया है। इन दिनों जिला के शीतकालीन स्कूलों में एसएमएस भेजकर ट्रायल किया जा रहा है। जल्द ही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर इस योजना का विधिवत शुभारंभ करेंगे। मंडी जिला में योजना के सफल चलने के बाद पूरे प्रदेश में इसे लागू किया जाएगा।
अभिभावकों के साथ संवाद बढ़ाने के लिए समग्र शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना कार्यालय ने समर्थ कार्यक्रम के तहत ई संवाद मोबाइल एप तैयार किया है। हर शिक्षक को इस मोबाइल एप को डाउनलोड करना होगा। गूगल प्ले स्टोर से एप डाउनलोड करने के बाद अपना लॉगइन बनाना होगा। लॉगइन बनाने के बाद कक्षा में पढ़ने वाले सभी बच्चों के अभिभावकों के फोन नंबर सहित अन्य ब्यौरा उसमें दर्ज करवाना होगा।
शिक्षकों द्वारा अभिभावकों को बच्चों की अनुपस्थिति, परीक्षा के आंकलन, पीटीएम, परीक्षा की सूचना, छुट्टियों की सूचना, होमवर्क नहीं करने की सूचना सहित बच्चों की खूबियों व कमियों से संबंधित एसएमएस भेजे जाएंगे। अभिभावकों की सहभागिता बढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग ने यह नई पहल की है। अब एसएमएस से अभिभावकों को साल भर होने वाली परीक्षाओं के परिणाम से अवगत करवाया जाएगा।
जिस विषय में बच्चे कमजोर है, उसकी जानकारी भी अभिभावकों को दी जाएगी। मेसेज के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों की कमजोरियों को दूर करने के लिए अपने स्तर पर भी काम करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। वर्तमान में कान्वेंट स्कूल बच्चों की हर गतिविधि की अभिभावकों को एसएमएस के माध्यम से जानकारी देते हैं। कान्वेंट स्कूलों ने अभिभावकों की जवाबदेही भी सुनिश्चित की हुई है। अब इसी तर्ज पर सरकारी स्कूल भी एसएमएस से अभिभावकों की सहभागिता बढ़ाने के प्रयास में जुटे हैं।