विधानसभा चुनाव के लिए जिला शिमला में कांग्रेस को तीन सीटों पर टिकट के लिए माथापच्ची पड़ रही है। जिले में कुल आठ सीटें हैं। इनमें से पांच सीट शिमला ग्रामीण, कसुम्पटी, रोहड़ू, रामपुर और जुब्बल कोटखाई पर टिकट देने को लेकर स्थिति लगभग साफ हो गई है।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए जिला शिमला में कांग्रेस को तीन सीटों पर टिकट के लिए माथापच्ची पड़ रही है। जिले में कुल आठ सीटें हैं। इनमें से पांच सीट शिमला ग्रामीण, कसुम्पटी, रोहड़ू, रामपुर और जुब्बल कोटखाई पर टिकट देने को लेकर स्थिति लगभग साफ हो गई है। इन सीटों पर पहले जीते हुए और वर्तमान विधायकों को ही पार्टी टिकट देने जा रही है। वहीं तीन सीटों पर पार्टी को काफी माथापच्ची करनी पड़ रही है। शिमला शहरी, ठियोग और चौपाल सीट पर कई सारे मजबूत दावेदारों ने पार्टी की परेशानी बढ़ा दी है। हालांकि, यहां पर पार्टी दोबारा से सर्वे कर अपना उम्मीदवार तय करने जा रही है।
विज्ञापन
लेकिन बावजूद इसके आने वाले दिनों में इन सीटों पर सभी दावेदारों को संतुष्ट कर प्रत्याशी तय करना पार्टी के लिए आसान नहीं होने वाला। शिमला शहरी सीट पर 40 दावेदारों ने टिकट के लिए आवेदन किए थे। हालांकि यहां अब सात से आठ दावेदारों के नाम ही पार्टी ने आलाकमान के पास भेजे हैं। वहीं, चौपाल सीट को लेकर मंगलवार को चर्चा हो चुकी है। यहां भी अभी उम्मीदवार का नाम तय करने में समय लगेगा। ठियोग सीट पर भी कई दावेदार हैं। भाजपा से इंदु वर्मा के कांग्रेस में शामिल होने के बाद यहां टिकट को लेकर घमासान वाली स्थिति है। आने वाले दिन इन उम्मीदवारों के लिए अहम रहने वाले हैं। सभी टिकट के लिए दिल्ली तक से जुगाड़ लगा रहे हैं। अब देखना रोचक होगा कि पार्टी इन तीनों सीटों को किसे टिकट देती है।