एचपीसीए का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला विदेशी मैदानों को टक्कर दे रहा है। विशेषज्ञ न केवल धर्मशाला की पिच की तुलना विदेशी स्टेडियम की पिचों से कर रहे हैं। बल्कि इस मैदान को कई देशों से अच्छा भी बता रहे हैं।
ऐसे में यदि सब कुछ ठीक चलता है तो धर्मशाला मैदान को कई अंतरराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी करने का मौका मिल सकता है। धर्मशाला स्टेडियम में पहली बार कोई टेस्ट मैच खेला गया। मगर यहां पिच की तेजी और उछाल देख विदेशी खिलाड़ी भी इसके फैन हो गए।
पिच पर तेज गेंदबाजों के लिए खासी मदद थी। वहीं, स्पिनर्स ने भी टर्न और बाउंस का फायदा उठाया। बल्लेबाजी करना भी ज्यादा मुश्किल नहीं था जिस वजह से सभी कमेंटेटर्स ने इसे विदेशी पिचों से भी बेहतर करार दे दिया।
दिन भर कमेंटेटर मैदान की खूबसूरती, धौलाधार के साथ यहां की पिच की खूब तारीफ करते रहे। मैच के बीच में जब-जब भी कमेंटेटर को धर्मशाला मैदान की तारीफ करने का मौका मिला। उन्होंने तारीफों के फूल बांध दिए।