श्रावण अष्टमी मेले को लेकर हिमाचल प्रदेश की शक्तिपीठों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी है। विख्यात शक्तिपीठ चिंतपूर्णी, ज्वालाजी, चामुंडा, बज्रेश्वरी और नयना देवी में 35 हजार 536 श्रद्धालुओं ने मंगलवार को शीश नवाया। विश्व विख्यात शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर में दूसरे नवरात्र पर छह हजार श्रद्धालुओं ने अखंड ज्योतियों के दर्शन किए वहीं, लगभग एक हजार श्रद्धालु बिना दर्शन किए लौटे।
वहीं, मां बज्रेश्वरी देवी मंदिर में एक हजार यात्रियों ने देवी के दर्शन किए। श्री चामुंडा नंदिकेश्वर धाम में 2000 श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए। वहीं, 200 श्रद्धालुओं को बिना दर्शन के भी वापस भेजा गया। उधर, शक्तिपीठ नयनादेवी में मंगलवार को 22 हजार 36 श्रद्धालुओं ने माथा टेका। कोई भी श्रद्धालु वापस नहीं भेजा गया। वहीं, चिंतपूर्णी में 4500 भक्तों ने मां के चरणों में शीश नवाया।