शिमला प्लानिंग एरिया में नई टाउनशिप बनाने के लिए डेवलपमेंट प्लान तैयार हो गया है। इसे अंतिम रूप देने के लिए सचिवालय में टीसीपी अधिकारियों की बैठक हुई। शिमला और आसपास के शहरों में किस तरह से भवनों का निर्माण होना है। इसकी रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा हुई है। प्लानिंग एरिया में अस्पतालों का निर्माण, रोपवे, आवासीय कॉलोनियां और मंडियों को कैसे स्थापित करना है, इसे प्लान में शामिल किया है। वर्ष 2043 को ध्यान में रखते हुए यह योजना बनाई गई है। सोमवार को सचिवालय में बैठक की अध्यक्षता शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने की।
नए डेवलपमेंट प्लान में कोर एरिया में दो मंजिल प्लस एटिक, नॉन कोर एरिया में तीन मंजिल प्लस एटिक, ग्रीन एरिया में भी भवन निर्माण को मंजूरी देने का प्रावधान है, लेकिन इसमें शर्त लगाई गई है यह मंजूरी सिर्फ वहीं दी जाएगी, जहां पेड़ न हों। इसमें दो मंजिलें प्लस एटिक आवासीय भवन बनाने का प्रावधान किया गया है। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि इस प्लान को जल्द लागू करने और सरकारी दस्तावेज बनाने के निर्देश दिए गए। उल्लेखनीय है कि एनजीटी ने शिमला प्लानिंग एरिया में ढाई से अधिक मंजिल निर्माण पर रोक लगाई है। सरकार को डेवलपमेंट प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए थे। अब यह प्लान तैयार कर लिया गया है। अब इसे जमीन पर उतारा जा सकेगा। बैठक में टीसीपी निदेशक कमल कांत, टाउन प्लानर प्रेम लत्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
कैबिनेट में जाएगा मामला
टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग की ओर से डेवलपमेंट प्लान तैयार कर लिया है। अब लोगों से आपत्ति और सुझाव मांगे जाने हैं।अब इसे सरकार को मंजूरी के लिए भेजा जाना है। इसके बाद इसे लागू कर दिया जाएगा।