शिमला। देशभर में बढ़ते ओमिक्रॉन के मामलों को देखते हुए जिला स्वास्थ्य महकमा भी अलर्ट हो गया है। विदेशों से लौटने वाले लोगों पर विभाग कड़ी नजर बनाए रखा हुआ है। हालांकि, गनीमत है कि जितने भी लोग अभी तक लौटे हैं, उन सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जिला निगरानी ऑफिसर डॉ. राकेश भारद्वाज ने इस बात की पुष्टि की है।। उन्होंने बताया कि अन्य देशों से जो शिमला लौटे हैं, उनमें से 26 लोगों की रिपोर्ट कोरोना निगेटिव आई है। सभी लोगों को कोरोना की दोनों डोज लगी हैं।
गौरतलब है कि रविवार को चंडीगढ़ में एक 20 साल के युवक में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है। लिहाजा पड़ोसी राज्य होने के चलते विभाग भी अलर्ट हो गया है। बाहरी देशों से आने वाले लोगों पर विभाग नजर बनाए रखे हुए है। इन सभी के आठ दिन पूरे होने के बाद विभाग इनके कोरोना टेस्ट करवा रहा है। हालांकि अभी तक कोई भी व्यक्ति संक्रमित नहीं आया है।
विभाग ने अभी तक राहत की सांस ली है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक ऐसे मरीजों के लिए मशोबरा में कोविड केयर सेंटर बनाया गया है। जरूरत पड़ने पर उनके पास 44 बिस्तरों की व्यवस्था यहां पर है।