प्रदेश के कई जिलों में फैला डेंगू थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस सूची में कुल्लू जिले का नाम भी जुड़ गया है। यहां दो लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है, जिसके बाद इन्हें अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। अब तक प्रदेश भर में 209 लोगों के टेस्ट किए गए जिनमें से 58 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है।
अब तक पांच लोगों की मौत के बाद मरीजों का आंकड़ा 3847 पहुंच गया है। अन्य जिलों की अपेक्षा बिलासपुर जिला में बीते दिन 27 नए मामले आए हैं। इस जिले में मरीजों की सर्वाधिक संख्या 1703 पहुंच गई है।
सोलन, सिरमौर, ऊना और इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज, कांगड़ा सहित मंडी अस्पताल में बुधवार को 209 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। अब तक प्रदेश में 13457 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई है। इसमें 3847 लोगों में बीमारी की पुष्टि हुई है।
बिलासपुर में 1703, चंबा में 4, कांगड़ा 81, कुल्लू -2, हमीरपुर 7, मंडी 501, सोलन 1417, सिरमौर 10, शिमला 20, ऊना 40 और आईजीएमसी में 62 मरीज डेंगू से पीड़ित हैं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री विपिन परमार ने कहा कि अस्पतालों में दवाइयां उपलब्ध कराई गई हैं। टेस्ट निशुल्क कराए जा रहे हैं।