हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने राजधानी शिमला के एक कॉलेज का परीक्षा केंद्र आगामी डीएलएड परीक्षाओं के लिए स्थगित किया है। कॉलेज पर यह कार्रवाई उत्तर पुस्तिकाओं की गोपनीय जानकारी को सार्वजनिक करने के चलते हुई है। स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला ने निजी शिक्षण संस्थान शिमला कॉलेज ऑफ एजूकेशन शीतलकुंज इस्टेट संजौली में स्थापित परीक्षा केंद्र को आगामी परीक्षाओं के लिए निरस्त किया है। अब इस कॉलेज में डीएलएड से संबंधित कोई भी आगामी परीक्षा नहीं हो पाएगी। परीक्षा केंद्र पर यह गाज उत्तर पुस्तिका के मूल्यांकन की गोपनीय जानकारी को सार्वजनिक करने पर की गई है। स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव अक्षय सूद ने बताया कि कॉलेज के परीक्षा केंद्र की निरस्तता आगामी आदेशों तक जारी रहेगी।