ऊना के झलेड़ा बस स्टॉप पर बस न रोकने पर आगबबूला हुए दो लोगों ने स्थानीय बस अड्डे पर एचआरटीसी चालक की जमकर धुनाई कर डाली। हाथापाई के दौरान हमलावारों ने चालक के कपड़े तक फाड़ दिए।
वारदात के दौरान बस अड्डे पर लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई, जिससे काफी देर तक अड्डे में वाहनों का जाम लग गया। लेकिन, मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत करवाया। पुलिस ने चालक की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के थाना सदर ऊना के तहत एचआरटीसी डिपो ऊना के चालक चरण दास पुत्र छांगा राम निवासी पंडोगा ने शिकायत दर्ज करवाई कि रविवार रात को वह तलवाड़ा से शिमला रूट पर जा रहा था।
सवारियों ने किया था रुकने का इशारा
इसी दौरान रात 9:30 बजे बस लेकर झलेड़ा पहुंचा तो वहां पर कुछ सवारियों ने बस रोकने के लिए हाथ दिया। लेकिन बस में ज्यादा सवारियां होने के कारण चालक ने बस नहीं रोकी और बस को ऊना अड्डा में आकर बस काउंटर पर लगाई।
इस दौरान मोती लाल, जसवीर सिंह निवासी झलेड़ा बस की खिड़की के पास आए और खिड़की खोलकर चालक को गले से पकड़ कर मारपीट करने लगे। इस दौरान आरोपियों ने चालक की कमीज के बटन तोड़ दिए। उधर, पुलिस अधीक्षक अनुपम शर्मा ने मामले के संदर्भ में आरोपियों के खिलाफ धारा 353, 332 एवं 34 के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।