पालमपुर के चौकी गांव में चोरी की एक कार में दो लोग जिंदा जल गए। हादसा वीरवार देर रात का बताया जा रहा है। पेड़ से टकराने के बाद कार में आग लगी और उसमें सवार दो लोग जिंदा जल गए। मृतकों की अभी तक न तो शिनाख्त हो पाई है, न ही ये पता चल पाया है कि जलने वाले पुरुष हैं या महिलाएं। सुबह गांववालों ने जब कार को देखा तो पुलिस को सूचना दी। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सैंपल लिए और पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेजा। केस दर्ज करने के बाद पुलिस छानबीन में जुटी है।
उधर, पुलिस ने जब कार नंबर पीबी 06सी 4133 के मालिक अवतार सिंह को तलाशा तो उसने बताया कि ये कार रात को चोरी हो गई थी। कार घर से करीब आधा किलोमीटर दूर जली हुई दो लाशों के साथ मिली है। थाना प्रभारी गुरबचन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार से शवों निकाले। पुलिस का मानना है कि पेड़ से टकराने के बाद गाड़ी में आग लगने से अंदर बैठे दोनों लोगों की जलने से मौत हुई है।