हिमाचल के ऊना जिल के पंडोगा में टैंपो पलटने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हादसे में चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। स्थानीय लोगों एवं क्षेत्र के निजी संस्थान की एंबुलेंस की मदद से घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया।
यहां घायलों का उपचार लगातार जारी है। पुलिस ने मामले के संदर्भ में जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान मुनीष कुमार शाहकोट जालंधर के रूप में हुई है। वह शादियों में कैटरिंग का काम करता था।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर एक टैंपो पंजाब के नकोदर जालंधर से टैंट का सामान लेकर ऊना के लालसिंगी की ओर आ रहा था। इसी दौरान पंडोगा के पास उतराई पर अचानक तकनीकी खराबी के चलते चालक नियंत्रण खो बैठा और टैंपो बीच सड़क पर पलट गया।
इसमें मुनीष कुमार निवासी शाहकोट जिला जालंधर पंजाब की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि हादसे में रोहित, बलविंद्र, सुखविंद्र एवं बलजीत सभी निवासी शाहकोट जालंधर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। रास्ते से गुजर वाहन चालकों ने मामले की सूचना पंडोगा चौकी को दी।
इसके बाद चौकी प्रभारी ज्ञान चंद ने मौके का जायजा लिया और घायलों को टैंपो से बाहर निकालकर फौरन अस्पताल पहुंचाया। पंडोगा चौकी प्रभारी ज्ञान चंद ने बताया कि पुलिस ने मामले के संदर्भ में केस दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है।