गगरेट-मुबारिकपुर मार्ग पर एक निजी दूरसंचार कंपनी की केबल बिछाने के कार्य में लगे दो मजदूरों को एक तेज रफ्तार गाड़ी ने बुरी तरह से रौंद डाला। इसमें एक मजदूर की मौत हो गई है, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। एक अन्य को मामूली चोटें आई हैं। हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी मजदूरों को रौंद कर सड़क से नीचे उतर कर एक खेत में जा घुसी।
मृतक की पहचान पवन सिंह (26) पुत्र बद्री नाथ निवासी गलीहोत तहसील एवं जिला उधमपुर जम्मू कश्मीर के रूप में हुई है। गगरेट पुलिस ने गाड़ी चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। गगरेट-मुबारिकपुर रोड पर इन दिनों एक निजी दूरसंचार कंपनी की केबल बिछाने का काम चला हुआ है। इस कार्य में जम्मू-कश्मीर के सैकड़ों मजदूर लगे हुए हैं।