समरहिल के जंगल में छात्रा से गैंगरेप के मामले में पुलिस को एक सरकारी कर्मचारी पर शक हो गया है। वीरवार को कर्मचारी के घर पर पुलिस ने दबिश दी लेकिन यह घर से गायब था।
कार्यालय से भी तीन दिन से गैर हाजिर चल रहा है। बच्चों ने पुलिस को बताया कि पापा चार दिन से घर नहीं आ रहे हैं। वहीं, पत्नी ने कहा कि आज ही वह किसी काम से शहर से बाहर गए हैं।
कर्मचारी के मोबाइल पर जब कॉल करनी चाही तो वह स्विच ऑफ था। पुलिस का शक बढ़ा और उन्होंने गैंगरेप के आरोपी का स्केच सरकारी कर्मचारी के आस-पड़ोस में दिखाना शुरू किया। पड़ोसियों ने कहा कि कर्मचारी की शक्ल स्केच से काफी मेल खाती है।
इस लीड से पुलिस को अंधेरे में आशा की किरण नजर आ रही है। इस पूरे मामले में पुलिस अब तक दो दर्जन से अधिक संदिग्धों से पूछताछ कर चुकी है।
पीड़ित छात्रा से शिनाख्त भी करवाई गई लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। गैंगरेप के इतने दिन बाद भी आरोपी के गिरफ्त में न आने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करना पुलिस के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। इस केस को सुलझाने के लिए पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है।
उधर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर ने कहा कि आरोपियों की तलाश जा रही है। इन्हें पकड़ने की हर संभव कोशिश की जा रही है।