हिमाचल चंबा चुवाड़ी भटियात के भाजपा विधायक विक्रम सिंह जरियाल को लालबत्ती का शौक महंगा पड़ गया। लोगों की शिकायत के बाद सोमवार को पुलिस ने विधायक की गाड़ी एचपी 44-बी 0111 को सिहुंता पुलिस चौकी के बाहर निरीक्षण के लिए रोका।
इस दौरान पाया कि विधायक ने गाड़ी पर लाल बत्ती लगाई थी। हालांकि, जिस समय पुलिस ने कार्रवाई की तो लालबत्ती ढकी हुई थी, मगर लालबत्ती पूरी तरह प्रतिबंधित होने के कारण विधायक कार्रवाई से नहीं बच पाए।
पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अवहेलना करने पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 177 के तहत विधायक की गाड़ी का चालान कर दिया। उन्हें लालबत्ती उतारने को कहा है।