शिमला के अंबेडकर चौक पर नारेबाजी करने के आरोप में पुलिस ने बहुजन समाज पार्टी के शिमला शहरी अध्यक्ष रवि कुमार दलित को गिरफ्तार कर लिया है।
उन्हें सोमवार सुबह के समय हिरासत में लिया गया था लेकिन शाम के समय पुलिस ने उन्हें नहीं छोड़ा और उन पर केस दर्ज कर लिया।
पुलिस ने अध्यक्ष के अलावा बहुजन संघर्ष पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कर्म चंद भाटिया और अंबेदकर वादी सेवा दल के संस्थापक सुशील कुमार को भी गिरफ्तार किया है।
रवि दलित सुबह अपने दो साथियों के साथ चौक पर धरने पर बैठे थे। डॉ. भीम राव अंबेडकर पुस्तकालय को यहां खोलने के लिए यह धरना दिया जा रहा था।
इसलिए दे रहे थे धरना
दलित का आरोप है कि वह बरसों से इस मांग को उठा रहे हैं। कांग्रेस और भाजपा सरकार ने हमेशा उन्हें आश्वासन दिए कि जल्द ही पुस्तकालय खोल दिया जाएगा लेकिन आज तक कुछ नहीं हुआ।
चौक पर जब विरोध कर रहे थे तो पुलिस ने जबरन उठाकर थाने में बंद कर दिया। दलित ने ऐलान किया कि जब तक उनकी मांग को माना नहीं जाता, तब तक वह अन्न का त्याग करेंगे।
रवि कुमार दलित ने डा. भीमराव अंबेदकर की रिज मैदान पर प्रतिमा लगाने की मांग भी की है।