कोरोना संक्रमण की वजह से रेड जोन घोषित झाड़माजरी में फार्मा उद्योग ने बिना अनुमति करीब 100 कर्मचारियों को बुलाकर काम शुरू करवा दिया। बरोटीवाला में भी एसएसएफ प्लास्टिक कंपनी में 35 कर्मचारी काम करते हुए पाए गए हैं। पुलिस ने दोनों उद्योग प्रबंधनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार बरोटीवाला थाना के मुख्य आरक्षी बलविंदर सिंह की अगुवाई में टीम गश्त पर थी। सूचना मिली कि टोरक्यू फार्मा कंपनी एलेंबिक चौक झाड़माजरी में प्रबंधक कामगारों से काम करवा रहे हैं।
पुलिस मौके पर पहुंची तो भीतर 100 से अधिक लोग काम कर रहे थे। वहीं, मुख्य आरक्षी हेमराज की अगुवाई वाली टीम गश्त पर थी तो सूचना मिली कि बरोटीवाला थाना क्षेत्र के तहत प्लास्टिक कंपनी में कामगार काम कर रहे हैं। टीम मौके पर पहुंची तो पाया कि कंपनी के भीतर करीब 35 लोग काम कर रहे थे। पुलिस अधीक्षक रोहित मालपानी ने कहा कि पुलिस ने उद्योग प्रबंधकों पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मालपानी ने कहा कि सरकार के आदेशों की अवहेलना करने वालों को कतई नहीं बख्शा जाएगा।
दुकान खोलने पर मामला दर्ज
धारा-144 और लॉकडाउन के बावजूद दुकान खोलने पर कारोबारी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार दुकानदार पुलिस के सामने दुकान खोलने की कोई अनुमति प्रस्तुत नहीं कर पाए। एसपी रोहित मालपानी ने कहा कि सत्यवीर सिंह ने पाबंदी के बावजूद दुकान खोलकर दूसरों के जीवन को भी खतरे में डाला है। इसके चलते मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।