मौके पर जांच करती स्वास्थ्य विभाग की टीम।
लुधियाना के पॉश इलाके भाई रणधीर सिंह नगर (आई ब्लाक) में मंगलवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक घर में महिला की किसी अज्ञात व्यक्ति ने निर्मम हत्या कर दी। आशंका है कि हत्या दो दिन पहले की गई है। घटना का पता उस समय चला जब महिला के घर काम करने वाली महिला आई तो उसने शव देखा। इसके बाद मकान मालिक ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही एसीपी समीर वर्मा पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे। महिला की कोरोना वायरस से मौत न हुई हो इसके लिए पुलिस प्रशासन ने पहले कोविड 19 की टीम बुला कर जांच करवाई। जब कोविड-19 नहीं निकला तो पुलिस ने जांच की। जांच के बाद पुलिस ने भाई रणधीर सिंह नगर निवासी गीता रानी (44) का शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। थाना सराभा नगर पुलिस ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
भाई रणधीर सिंह नगर इलाके में आयुर्वेदिक प्रोडक्ट की दुकान चलाने वाली गीता रानी किराए के मकान में रहती थी। दो दिन पहले मकान मालिकों ने उसे देखा था। इसके बाद वह नजर नहीं आई। मकान मालिकों ने सोचा कि कोरोना वायरस को लेकर चल रहे कर्फ्यू के कारण गीता कमरे में ही होगी। मंगलवार की सुबह उसके घर काम करने वाली महिला आई तो अंदर गीता का शव पड़ा था। उसके मुंह पर पॉलीथिन का लिफाफा बंधा हुआ था। महिला का शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी वहां पहुंच गई।
पुलिस को पहले कोरोना संक्रमण से हुई मौत लगी तो उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से संपर्क कर कोविड-19 की टीम बुलाई। जांच में कोरोना जैसी कोई बात नहीं लगी तो पुलिस ने जांच की। एसीपी वेस्ट समीर वर्मा ने बताया कि अभी तक की जांच में यह सामने आया है कि हत्या या तो गला दबाकर की गई है या फिर सांस रोक कर। जिसने भी हत्या की है, वह गीता देवी का जानकार है। क्योंकि घर में ली गई एंट्री फ्रेंडली लगती है। उन्होंने कहा कि आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे है।