कांगड़ा जिले के उपमंडल जवाली के अधीन पंचायत कोठीबंडा पंचायत के धडुं में वीरवार देर रात 10 खच्चरों के साथ गुजर रहे चार लोगों को देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। स्थानीय ग्रामीणों ने चारों लोगों को खच्चरों के साथ ही रोक लिया। चारों से स्थानीय लोगों ने काफी देर तक पूछताछ की और प्रशासन-पुलिस को सूचित कर दिया। स्थानीय लोगों को एकत्रित होता देख चारों व्यक्ति हड़बड़ा गए। ये सभी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। उन्होंने अपने-अपने आधार कार्ड भी दिखाए।
आखिरकार कुछ देर बाद राहत भरी सांस लेते हुए चारों व्यक्तियों ने बताया कि वे भेड़-बकरियों के साथ फतेहपुर आए थे और वहां से जौंटा को जा रहे हैं। भेड़-बकरियां भेड़ खड्ड में पहुंच गई हैं जबकि वह भी वहां ही जा रहे हैं। उधर, एसडीएम जवाली सलीम आजम ने सूचना मिलने उपरांत पुलिस को मौके पर भेजा और चारों व्यक्तियों को वहां से छुड़वाया। एसडीएम ने कहा कि सरकार और जिलाधीश के निर्देशानुसार भेड़-बकरियों, खच्चरों और पशुओं के साथ गुजरने वालों को परमिशन लेने की कोई जरूरत नहीं है। फिर भी प्रशासन ने चारों व्यक्तियों को जौंटा तक परमिशन दे दी है।