मंडी के नाचन क्षेत्र के जाच्छ में वीरवार देर रात एक मारूति कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में लुढ़क गई। इससे पुलिस कांस्टेबल की मौके पर मौत हो गई। हादसे में ज्युणी घाटी के दो अन्य स्थानीय लोग घायल हुए हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर इन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए मंडी भेज दिया है। पुलिस जानकारी के अनुसार मारूति कार एचपी 03-0351 में सवार तीन लोग जाच्छ से बाग की ओर आ रहे थे। जाच्छ के समीप कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
कार में सवार पुलिस कांस्टेबल के पद पर तैनात मंडी निवासी यशपाल सिंह की मौके पर मौत हो गई। वहीं, घायलों में कर्म सिंह निवासी जेल रोड और संजू निवासी खंदोहली हैं। कार सवार जाच्छ से सवार होकर यशपाल और उसके मित्र कर्मचंद तथा संजू बाग की ओर निकले थे।
हादसे का धमाका होते ही समूची ज्यूणी घाटी में सनसनी फैल गई। जाच्छ और आसपास के ग्रामीण बचाव कार्य के लिए दुर्घटना स्थल पर पहुंचे। जिसके बाद लोगों ने कार में फंसे चालक यशपाल को बाहर निकाला तथा सीएचसी गोहर पहुंचाया।
यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों को मामूली चोटें आई। बताया जा रहा है कि यशपाल की जाच्छ से आगे जमीन है जंहा पर वह मकान बना रहा था और इसी सिलसिले में यशपाल जाच्छ आया था।