शिमला के ठियोग हाटकोटी मार्ग पर खड़ापत्थर के पास एक मारुति कार खाई में गिर गई है। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब 11 बजे यह मारुति कार शिमला की ओर जा रही थी। इसी बीच गाड़ी खड़ापत्थर के पार करीब 250 फुट नीचे गहरी खाई में लुढ़क गई। गाड़ी में शलाश गांव निवासी कलम सिंह(59) सवार थे।
कलम सिंह ने स्वंय वाहन दुर्घटना की सूचना फौन से अपने परिजनों को दी। सूचना मिलने के बाद परिजनों ने मौके पर पहुंचकर कलम सिंह को खाई से निकाला तथा प्राथमिक उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला ले गए।
जहां से गंभीर अवस्था में कलम सिंह को पीजीआई रैफर किया गया। पीजीआई ले जाते हुए रास्ते में कलम सिंह की मौत हो गई। पुलिस को वाहन दुर्घटना की सूचना परिजनों ने मंगलवार देर शाम करीब सात बजे दी। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर जाकर घटना की जांच शुरू की है।