कालकाजी लाजपतनगर (दिल्ली) के भाजपा नेता राजपाल सिंह के भाई सतीश बसोया (44 वर्ष) की गोली लगने से मौत हो गई है। गोली कनपटी पर लगी है। बसपा नेता सतीश बसोया फाइनेंसर था और उन्हें हिमाचल के जिला सोलन के धर्मपुर-कंडा मार्ग पर स्थित होटल में ये गोली लगी है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को वे अपने दोस्त मेहरबान सिंह निवासी गड्डी मोहल्ला के साथ धर्मपुर स्थित कोठी में ठहरे हुए थे। उनके साथ एक कुक मनोज कुमार भी था। इसी बीच देर रात करीब 11 बजे घटना घटी।
सोलन पुलिस का दावा है कि मृतक ने अपने ही रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या की है। उधर परिजनों का आरोप है कि सतीश की हत्या की गई है। उन्होंने सोलन अस्पताल में अपने भाई की लाश का पोस्टमार्टम करवाने से इंकार कर दिया है। पोस्टमार्टम आईजीएमसी शिमला में होगा।
जब बर्फ निकाल रहे थे तब चली गोली!
पुलिस के मुताबिक मेहरबान सिंह ने दर्ज ब्यान में कहा है कि वह चार बजे से देर रात शराब पी रहे थे। देर रात सतीश ने मेहरबान को बर्फ लाने के लिए भेजा। वहीं कुक खाना बनाने में व्यस्त था।
इसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनी। भागकर जब दोनों कमरे में पहुंचे तो सतीश के हाथ में रिवाल्वर थी और कनपटी से खून बह रहा था। फोन के माध्यम से सूचना धर्मपुर थाने में दी गई।
उधर, एसपी सोलन रमेश छाजटा ने कहा कि प्रारंभिक चरण में आत्महत्या का मामला लग रहा है। पुलिस 174 के तहत कार्रवाई कर रही है। पोस्टमार्टम के लिए लाश आईजीएमसी भेजी गई है। मौके पर फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं। आर्थिक स्थिति आत्महत्या का कारण हो सकती है।
विधायक ने जताया हत्या का शक
मौके पर से लाइसेंसी रिवाल्वर जब्त कर ली गई है। लाइसेंस की जांच पुलिस कर रही है। वहीं लाइसेंस लाने से पहले अनुमति ली है या नहीं इस बारे में भी पुलिस पड़ताल कर रही है।
वहीं मृतक के बड़े भाई का कहना है कि सतीश कभी आत्महत्या नहीं कर सकता। उसकी हत्या की साजिश रची गई है। जिसमें उसके साथी भी शामिल हो सकते हैं। लेनदेन में उसका भाई साफ था। उन्होंने सीबीआई जांच की मांग की है।